सनावद नगर पालिका कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल समाप्त
सनावद/तीन माह का वेतन नहीं मिलने से 5 अक्टूबर से चल रही नगर पालिका कर्मचारियों की अनिश्चितकालीन हड़ताल आज समाप्त हो गई।
कलेक्टर गुरुप्रसाद के आदेश पर अपर कलेक्टर वीरेंद्र कंडारे और डूडा अधिकारी उमेश जोशी ने सनावद पहुंचकर सीएमओ और कर्मचारियों से चर्चा की। बैठक में पूर्व नपा अध्यक्ष नरेंद्र शर्मा लाली, पूर्व मंडल अध्यक्ष अनिल अजमेरा, प्रतिपक्ष नेता राजेश अंजने, दिनेश शर्मा सहित जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बैठक में नगर पालिका की आय बढ़ाने और वसूली तेज कर वेतन भुगतान को प्राथमिकता देने का फॉर्मूला तय किया गया। करीब डेढ़ घंटे चली बैठक के बाद कर्मचारी संघ अध्यक्ष बंटी सिरसाटे और विशाल कर्मा ने अधिकारियों के आश्वासन पर हड़ताल समाप्ति की घोषणा की और सभी कर्मचारी काम पर लौट आए।
अपर कलेक्टर वीरेंद्र कंडारे ने बताया कि कर्मचारियों की वेतन और भविष्य निधि संबंधी मांगों को शीघ्र पूरा किया जाएगा।
कर्मचारी संघ अध्यक्ष बंटी सिरसाटे ने कहा कि सभी कर्मचारियों की एकजुटता से प्रशासन ने समाधान का आश्वासन दिया है, जिस पर विश्वास करते हुए हड़ताल समाप्त की गई है।
